दुर्ग में पूर्व प्रेमिका के साथ घूम रहे युवक पर चाकू से हमला, गैरेज में घुसकर आरोपियों ने की मारपीट; 3 लोग घायल, 6 गिरफ्तार

Spread the love

स्मृति नगर में आधी रात को हुई वारदात, बीच-बचाव करने पहुंचे गैरेज संचालक और उसका भाई भी बने हमले का शिकार; CCTV में कैद हुई घटना

दुर्ग। जिले के स्मृति नगर इलाके में प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्व प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखकर नाराज हुए युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका पीछा किया। जान बचाने के लिए युवक अपनी महिला मित्र के साथ एक कार गैरेज में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और युवक पर चाकू व डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए गैरेज संचालक और उसके भाई को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्मृति नगर पुलिस चौकी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, नागेंद्र सोमंकर की पूर्व प्रेमिका सारांश सिंह नामक युवक के साथ घूम रही थी। दोनों को साथ देखने के बाद नागेंद्र अपने साथी अजय ठाकुर और अन्य युवकों के साथ उनका पीछा करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो दिनों से सारांश पर नजर रख रहे थे। हालांकि, पुलिस ने विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई है।

जान बचाने के लिए गैरेज में घुसे युवक-युवती, पीछे से पहुंच गए हमलावर

आरोपियों से बचने के लिए सारांश सिंह अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई नामक गैरेज में पहुंच गया। उन्हें उम्मीद थी कि गैरेज परिसर में वे सुरक्षित रहेंगे, लेकिन पीछा करते हुए आरोपी वहां भी पहुंच गए। इसके बाद गैरेज में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नागेंद्र और उसके साथियों ने सारांश को कार से बाहर खींचकर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की।

बीच-बचाव करने आए गैरेज संचालक और भाई पर भी हमला

गैरेज में हो रही मारपीट देखकर संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात में सारांश सिंह, आनंद शर्मा और मनीष शर्मा घायल हो गए। मनीष शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोबाइल लूटकर फरार हुए आरोपी, CCTV में कैद हुई वारदात

मारपीट और चाकूबाजी के बाद आरोपी सारांश सिंह का मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए। घटना गैरेज में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में आरोपियों की मारपीट और हमले की पूरी वारदात दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर भी जांच की।

छह आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार, कृष्णा शर्मा ने 9 नवंबर को स्मृति नगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 12 बजे नागेंद्र सोमंकर अपने साथियों के साथ गैरेज पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को घायल किया गया और मोबाइल फोन लूट लिया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?