
बच्ची की काउंसलिंग के दौरान बढ़ा विवाद, महिला और विभागीय कर्मचारियों से धक्का-मुक्की का आरोप; घटना का CCTV फुटेज भी आया था सामने
दुर्ग। दुर्ग में महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने यूट्यूबर हनुमान उर्फ हनु नायक (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गाली-गलौज, धमकी देने और पत्रकारिता का धौंस दिखाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
नेहरू नगर चौक पर बच्ची के मिलने से जुड़ा मामला
मामला नेहरू नगर चौक पर करीब 15 वर्षीय बच्ची के कारों के शीशे साफ करते मिलने से जुड़ा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम बच्ची को संरक्षण देने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय लेकर पहुंची थी। इसके बाद बच्ची की मां गोलू बाई को भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय बुलाया गया, जहां दोनों की काउंसलिंग की जा रही थी।
काउंसलिंग के दौरान विवाद बढ़ने का आरोप
इसी दौरान यूट्यूबर हनु नायक उर्फ हनुमान भी कार्यालय पहुंच गया। शिकायत के मुताबिक, बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान यूट्यूबर ने एक महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। कर्मचारियों ने गाली-गलौज करने, धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।
CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
घटना 7 अक्टूबर की बताई गई है। इससे संबंधित CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया था। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने भी आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की थी। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) और 351(3) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी सुपेला और नेवई थानों में मारपीट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।
