
स्कार्पियो में जबरन बैठाकर ले गए थे कारोबारी को, वाहन और पैसों के लेनदेन के विवाद की बात सामने आई
रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा इलाके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने कारोबारी को काले रंग की स्कार्पियो में जबरन बैठाया और उसे लेकर उत्तर प्रदेश की ओर रवाना हो गए थे। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से वाहन को ट्रेस कर यूपी पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद आरोपियों को पकड़ा गया।
घर नहीं लौटे कारोबारी, पत्नी ने थाने में दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में सूचना दी कि उनके पति घर वापस नहीं आए हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और डीएम टावर समेत आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान CCTV फुटेज में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे तीन युवक प्रतीक राय को जबरन काले रंग की यूपी नंबर की स्कार्पियो में बैठाकर ले गए थे।
CCTV से स्कार्पियो का मिला सुराग, यूपी पुलिस को किया अलर्ट
स्कार्पियो की पहचान होने के बाद रायपुर पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की। वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने पर रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क किया। अहरौरा के साथ चोपन, रॉबर्ट्सगंज और रास्ते में आने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को भी वाहन की जानकारी देकर अलर्ट किया गया।
टोल और लगातार मिल रही लोकेशन के आधार पर यूपी पुलिस ने संभावित रास्तों पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान अहरौरा क्षेत्र में संदिग्ध स्कार्पियो को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।
वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में कारोबारी के अपहरण के पीछे वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रतीक राय को अपने साथ उत्तर प्रदेश की ओर लेकर जा रहे थे। हालांकि, अपहरण की पूरी वजह और घटना में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।
तीनों आरोपियों की पहचान हुई
पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में की है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
रायपुर पुलिस की टीम आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर लाने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और अपहरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

