
भिलाई-3. डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 के तत्वावधान में 24 सितंबर 2026 को सेक्टर स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन एवं राज्य प्रतियोगिता हेतु टीम का चयन हुआ। इस प्रतियोगिता में 6 महाविद्यालयों की महिला टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल निपुणता का प्रदर्शन किया। कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बाद शास कन्या महाविद्यालय दुर्ग की टीम ने खिताबी जीत दर्ज कर विजेता का गौरव हासिल किया, वहीं भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन, पर्यवेक्षक एवं सिलेक्टर डॉ. रितु दुबे, चिन्हित महाविद्यालय के क्रिड़ाधिकारी श्री लक्षमेंद्र कुलदीप, चयनकर्ता डॉ रमेश कुमार त्रिपाठी एवं श्री मनीष टोप्पो के रूप में उपस्थित थे। मुख्य अतिथि एवं सम्मानित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. महाजन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक दृढ़ता और एकाग्रता का भी परीक्षण करते हैं। आज की बेटियां खेल के मैदान में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता में सभी मैचों का तकनीकी व सफल संचालन मुख्य रेफरी श्री पी. हरीश एवं श्री रवि की देखरेख में संपन्न हुआ।
भिलाई महिला महाविद्यालय भिलाई एवं कन्या महाविद्यालय दुर्ग प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पहुंची। फाइनल मैच में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन किया। अंततः बेहतर खेल रणनीति के बदौलत शासकीय कन्या महाविद्यालय दुर्ग ने जीत की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ मनिष कालरा, प्राध्यापक डॉ शीला विजय एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा विजेता व उपविजेता टीमों को पदक एवं ट्राफियां प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कार्यालय स्टाफ एवं कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सफल आयोजन पर महाविद्यालय के खेल विभाग और समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया है।


