
रायपुर 15 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में दाखिले का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। पहले कॉलेजों में प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी, जबकि कुलपति की विशेष अनुमति से 14 अगस्त तक दाखिला दिया जा सकता था।
अंतिम तिथि बीतने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने देर रात आदेश जारी कर प्रवेश की अवधि बढ़ा दी। अब विद्यार्थी 31 अगस्त तक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
अब मेरिट लिस्ट नहीं, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर प्रवेश
नई व्यवस्था के तहत प्रवेश के लिए अब कोई नई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों को उपलब्ध सीटों के आधार पर पहले आओ-पहले पाओ की प्रक्रिया से दाखिला दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को प्रवेश की बढ़ी हुई समय-सीमा की जानकारी दे दी गई है। जिन संस्थानों में अभी सीटें खाली हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित अवधि में प्रवेश ले सकेंगे।
23 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
प्रवेश की तारीख बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी, जो हाल ही में जारी हुए द्वितीय परीक्षा परिणाम के कारण कॉलेज में दाखिला नहीं ले सके थे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने गुरुवार को कक्षा 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा के परिणाम जारी किए। कक्षा 12वीं की द्वितीय परीक्षा में 34,493 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से करीब 23 हजार विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
इनमें बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की थी, जो पूरक श्रेणी में थे और अब परीक्षा पास करने के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए पात्र हुए हैं।
रिजल्ट के बाद सिर्फ एक दिन बचा था प्रवेश का मौका
द्वितीय परीक्षा में शामिल होने वाले कुछ विद्यार्थी ऐसे भी थे, जो मार्च में आयोजित मुख्य परीक्षा में पहले ही उत्तीर्ण हो चुके थे, लेकिन अपने अंकों में सुधार के लिए दोबारा परीक्षा में शामिल हुए थे।
गुरुवार को द्वितीय परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों के पास कॉलेज में दाखिले के लिए बेहद कम समय बचा था। ऐसे में बड़ी संख्या में विद्यार्थी समय पर प्रवेश नहीं ले सके।
अब प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ाए जाने से इन विद्यार्थियों को दोबारा मौका मिल गया है।
खाली सीटों पर दाखिले का रास्ता खुला
प्रवेश की समय-सीमा बढ़ने से उन कॉलेजों को भी राहत मिलेगी, जहां अभी तक सभी सीटें नहीं भर पाई हैं। विद्यार्थी अब उपलब्ध सीटों के आधार पर संबंधित महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे।
विभाग के इस फैसले से विशेष रूप से द्वितीय परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
