हरेली पर्व पर रासेयो गोदग्राम रामपुर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

रामपुर, 12 अगस्त 2026। हरेली पर्व एवं अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रासेयो के गोदग्राम रामपुर में विभिन्न जनजागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे के मार्गदर्शन तथा रासेयो अधिकारी डॉ. एस.आर. कन्नौजे के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं रासेयो स्वयंसेवकों ने पारंपरिक देशी खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए रैली निकाली गई।

कार्यक्रम में ‘घर-घर तिरंगा’ एवं ‘हर मन में तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। रासेयो स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना के प्रति जागरूक किया।

इसके साथ ही जनौला एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रवि सिन्हा उपस्थित रहे। साथ ही श्रीमती सिन्हा, पूर्व सरपंच श्री किशोर यादव, पंचगण, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से हरेली पर्व की लोकपरंपराओं को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति, राष्ट्रप्रेम और जनजागरूकता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?