
रायगढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में इस बार एक ऐसा नाम सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी। मेरिट सूची में ‘न्यूज़ कुमार प्रधान’ का नाम देखते ही कई लोगों ने इसे टाइपिंग मिस्टेक या फर्जी रिजल्ट तक बता दिया। लेकिन जब चयनित अभ्यर्थी ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई तो सभी अटकलों पर विराम लग गया।
रायगढ़ जिले के भाठनपाली गांव निवासी न्यूज़ कुमार प्रधान ने बताया कि ‘न्यूज़’ उनका वास्तविक नाम है, जिसे उनके माता-पिता ने रखा था। उन्होंने कहा कि उनके जन्म के समय पंडित ने नाम ‘न’ अक्षर से रखने की सलाह दी थी, जिसके बाद परिवार ने उनका नाम ‘न्यूज़’ रखा। आज यही नाम उनकी अलग पहचान बन चुका है और उन्हें इस पर गर्व है।
नाम सुनकर लोग हो जाते हैं हैरान
न्यूज़ कुमार ने बताया कि जब भी वे किसी नए व्यक्ति से मिलते हैं, लोग उनका नाम सुनकर पहले चौंक जाते हैं। कई लोग इसे मजाक समझते हैं तो कुछ इसे टाइपिंग की गलती मान लेते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि यही अनोखा नाम उन्हें भीड़ से अलग पहचान दिलाता है और लोग उन्हें आसानी से याद रखते हैं।
रिजल्ट के बाद लगातार मिल रही बधाइयां
SI प्रारंभिक परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उनके मोबाइल पर लगातार बधाई संदेश और फोन कॉल आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके नाम को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। अचानक मिली इस पहचान से वे खुश हैं, लेकिन उनका कहना है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान आगे की तैयारी पर है।
अब मेंस परीक्षा जीतना है लक्ष्य
न्यूज़ कुमार प्रधान ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा पास करना पहला पड़ाव है। अब उनका पूरा फोकस CGPSC SI मुख्य परीक्षा की तैयारी पर है। वे कड़ी मेहनत कर अंतिम चयन हासिल करना चाहते हैं और पुलिस विभाग में सेवा देकर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए ‘न्यूज़ कुमार’ अब अपने नाम से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और सफलता से नई पहचान बनाने की तैयारी में जुटे हैं।

