
दुर्ग-भिलाई। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए समग्र शिक्षा विभाग, दुर्ग ने स्पीच थैरेपिस्ट और अटेंडेंट के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह भर्ती राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, रायपुर के निर्देशानुसार जिले के संसाधन स्त्रोत केंद्रों के लिए की जा रही है।
भर्ती के तहत स्पीच थैरेपिस्ट का 1 पद भरा जाएगा, जिसके लिए चयनित अभ्यर्थी को 20,833 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं अटेंडेंट के 2 पदों पर अस्थायी नियुक्ति की जाएगी, जिनके लिए 7,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है।
विभाग ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। स्पीच थैरेपिस्ट पद के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन करना होगा, जबकि अटेंडेंट पद के लिए अलग ऑनलाइन लिंक जारी किया गया है।
भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता एवं चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, दुर्ग के सूचना पटल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी कार्यालय जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
समग्र शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले सभी नियमों एवं पात्रता शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।


