दुर्ग विश्वविद्यालय के कुलसचिव की कार दुर्घटना मामले की होगी जांच, उच्च शिक्षा आयुक्त ने बनाई दो सदस्यीय समिति

Spread the love

रायपुर, 7 जून 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव की कार दुर्घटना से जुड़े वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने कदम उठाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा आयुक्त ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

जारी आदेश के अनुसार, समिति में डॉ. अनुपमा अस्थाना और डॉ. अजय सिंह को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति पूरे मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट उच्च शिक्षा आयुक्त को सौंपेगी।

जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को हुई कथित कार दुर्घटना के बाद कुलसचिव पर आरोप लगा है कि उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की मरम्मत कराकर उसके एवज में लगभग 24 हजार रुपये से अधिक की राशि विश्वविद्यालय के खाते से आहरित कर ली। आरोप यह भी है कि उक्त भुगतान विश्वविद्यालय की परीक्षा निधि (एग्जाम फंड) से किया गया, जिसमें विद्यार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क जमा रहता है।

मामले के सार्वजनिक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हलचल मच गई थी। विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस संबंध में वित्त विभाग से स्पष्टीकरण भी मांगा था। हालांकि सूत्रों के मुताबिक वित्त विभाग की ओर से अब तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है।

उच्च शिक्षा आयुक्त द्वारा गठित जांच समिति वित्तीय और प्रशासनिक दोनों पहलुओं की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना है। इस मामले पर विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?