रायपुर। सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में सांसद Brijmohan Agrawal एक बार फिर अपने सख्त तेवर में नजर आए। हरिहर हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कई मामलों में नाराजगी जताई।रायपुर के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन ‘तिहार शिविर’ में शिकायत मिलने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेंजर यहां क्यों नहीं है, शोकॉज नोटिस जारी करो और उसे सस्पेंड करो।
इस दौरांजेम्मेदार स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सांसद ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को दी चेतावनी
मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग की आपत्ति और रेंजर की गैरमौजूदगी से जुड़ा था। शिविर के दौरान जब यह मामला सामने आया तो सांसद ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि जब शिविर में जनता की समस्याएं सुनने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना है, जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना लापरवाही है। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर के खिलाफ सस्पेंशन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके सख्त रुख की शिविर में मौजूद लोगों ने सराहना की और तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
नवापारा को मिली विकास कार्यों की सौगात
शिविर के दौरान सांसद ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की गई। वहीं कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया गया।
इसके अलावा महावीर बजरंग अखाड़ा के विकास के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई।
पेयजल समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कन्या शाला में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अधिकारियों को सात दिनों के भीतर नया बोर और पंप स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
जनता से किया सीधा संवाद
समाधान शिविर में सांसद ने आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। पेयजल, सड़क, बिजली, राजस्व और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “सुशासन का मतलब केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।” उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।


