धमतरी। जिले में एक महिला ने पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला अपनी डेढ़ साल की बेटी को किनारे छोड़कर गंगरेल बांध में कूद गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सतवंतीन निर्मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पूरी गांव की निवासी है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से नगरी के छिपलीपारा स्थित अपने मायके में रह रही थी। महिला अपने पति द्वारा लगातार की जा रही प्रताड़ना से मानसिक रूप से परेशान थी।
बताया जाता है कि गुरुवार को वह अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को साथ लेकर गंगरेल बांध पहुंची और बच्ची को किनारे छोड़कर पानी में उतर गई। घटना को देख वहां मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
रेस्क्यू टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना की बात सामने आई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने समय रहते सतर्कता दिखाकर महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


