
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मेडिकल स्टाफ मरीजों का इलाज छोड़ जन्मदिन समारोह मनाते नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो ओपीडी समय का बताया जा रहा है। उस दौरान बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ मरीजों की जांच और उपचार करने के बजाय अपने चैंबर में बर्थडे सेलिब्रेशन में व्यस्त थे। वहीं मरीज और उनके परिजन घंटों इंतजार करते रहे। इस घटना से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
अस्पताल में गर्मी से परेशान मरीज
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल में लगाए गए कई कूलर खराब पड़े हैं। कुछ कूलरों में पानी तक नहीं डाला जा रहा, जबकि कई वार्डों में कूलर की व्यवस्था ही नहीं है। भीषण गर्मी के बीच मरीज और उनके परिजन हाथ के पंखों से राहत पाने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मई की झुलसाती गर्मी में अस्पताल प्रशासन मरीजों की सुविधा को लेकर गंभीर नहीं है। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल रही।
अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और बदबू ने हालात को और खराब कर दिया है। नालियों में जमा गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। मरीजों और परिजनों का कहना है कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
लोगों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को बीमारी से राहत मिलने के बजाय संक्रमण का डर सता रहा है। वायरल वीडियो के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली और अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल उठने लगे हैं।

