पति के अफेयर से टूट गई पत्नी, फिर खत्म हो गया पूरा परिवार: बच्चों को इंजेक्शन देकर मारने के बाद दंपती ने लगाई फांसी

Spread the love

दुर्ग/भिलाई, छत्तीसगढ़। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के कमरे में पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे से लटकी मिली, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पत्नी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी और पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का जिक्र किया है।

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की मौत पहले हुई, जबकि बाद में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुसाइड नोट में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस को घर से दो सुसाइड नोट मिले हैं। इनमें से एक नोट में पति-पत्नी दोनों की लिखावट होने की बात सामने आई है। नोट में चंचल साहू ने पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध रखने का आरोप लगाया है और वैवाहिक जीवन से परेशान होने की बात लिखी है।

सुसाइड नोट के मुताबिक, चंचल ने पहले बच्चों को शराब पिलाई, फिर उन्हें नींद का इंजेक्शन दिया। मौत को लेकर आशंका होने पर रस्सी से दोनों बच्चों का गला घोंट दिया गया। वहीं पति को भी शराब पिलाई गई। पुलिस को महिला के गाल पर थप्पड़ के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

पहले पति ने लगाई फांसी, फिर पत्नी ने दी जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति गोविंद साहू पहले फांसी के फंदे पर झूला, इसके बाद पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी लव मैरिज

जानकारी के अनुसार, चंचल साहू ने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ गोविंद साहू से प्रेम विवाह किया था। हालांकि शादी के कुछ साल बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा था। सुसाइड नोट में चंचल ने अपने माता-पिता और भाई से माफी भी मांगी है।

अच्छे स्कूल में पढ़ते थे दोनों बच्चे

मृतक दंपती के दोनों बच्चे भिलाई के केपीएस नेहरू नगर स्कूल में पढ़ाई करते थे। बेटा यशांत पांचवीं पास कर छठी में गया था, जबकि बेटी दृष्टि आठवीं पास कर नौवीं कक्षा में पहुंची थी। गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और उसका प्रियदर्शिनी परिसर, भिलाई में ऑफिस था।

कॉल डिटेल और सबूतों की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घर से मिले मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?