शादी में आए बच्चों की बिगड़ी तबीयत: तरबूज और चिकन खाने के बाद एक की मौत, 3 का इलाज जारी

Spread the love

जांजगीर-चांपा, 12 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। शादी समारोह में शामिल होने आए चार बच्चों की तरबूज और चिकन खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 15 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुरकोट की है। जानकारी के अनुसार, पोड़ी दलहा निवासी अखिलेश धीवर (15), अवरीद निवासी श्री धीवर (4), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12) और कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13) अपने परिजनों के साथ मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सभी बच्चे पिछले तीन-चार दिनों से गांव में रुके हुए थे।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह काटकर रखा गया तरबूज बच्चों ने दोपहर में खाया था। इसके बाद रात में घर में बना चिकन भी खाया। शाम होते-होते चारों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, दस्त, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं।

सबसे अधिक हालत अखिलेश धीवर की बिगड़ी। परिजन पहले उसे गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार सुबह तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

वहीं अन्य तीन बच्चों को भी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल तीनों बच्चों की हालत स्थिर बनी हुई है और उनकी निगरानी की जा रही है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. कुजूर ने बताया कि सुबह काटकर रखा गया तरबूज काफी देर बाद खाने से उसमें संक्रमण होने की संभावना है। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की वजह से बच्चों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि संक्रमण तरबूज से हुआ या खाने की किसी अन्य सामग्री से। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?