
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक नवविवाहित जोड़े की खुशियां उस वक्त तनाव में बदल गईं, जब शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया। युवक ने खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए रिश्ते के सबूत पेश किए, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को देर रात हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः दूल्हे ने दुल्हन को अपनाने से इनकार करते हुए रिसेप्शन कार्यक्रम रद्द कर दिया।
6 मई को हुई थी शादी, 7 मई को पहुंची थी दुल्हन
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार, जो किराना दुकान संचालित करता है, की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी अनिता के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी। शादी के बाद 7 मई को दुल्हन की विदाई हुई और वह अपने ससुराल पहुंची। परिवार में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मयूर अग्रवाल नाम का युवक अचानक वहां पहुंच गया।
युवक ने बताया तीन साल पुराना रिश्ता
मयूर अग्रवाल ने परिजनों के सामने दावा किया कि उसका युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध है। युवक ने दोनों के साथ बिताए समय के फोटो और वीडियो भी दिखाए। यह देखते ही घर का माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
देर रात तक थाने में चला समझाइश का दौर
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन व युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले जाया गया। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2 बजे तक दोनों परिवारों के बीच बातचीत और समझाइश चलती रही, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
दूल्हे ने दुल्हन को साथ रखने से किया इनकार
पूरे घटनाक्रम के बाद दूल्हे ने साफ तौर पर दुल्हन को अपनाने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि यदि युवती पहले से किसी अन्य युवक के साथ रिश्ते में थी, तो वह इस वैवाहिक संबंध को आगे नहीं बढ़ा सकता। इसके बाद परिवार ने रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया।
पुलिस ने कहा- नहीं मिली लिखित शिकायत
सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस दोनों परिवारों को समझाइश देकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास कर रही है।

