
रायपुर, 7 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का शानदार अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा 12 मई 2026, सोमवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जोरा स्थित लायवलीहुड कॉलेज परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें ESAF Swasraya Multistate Agro Cooperative Society Limited, JD Hardscapes Private Limited, Elxer Communications Private Limited, Parishram Human Resource और ITM Edutech Training Pvt. Ltd. जैसी संस्थाएं शामिल हैं।
413 पदों पर होगी भर्ती
इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 413 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ-साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यताधारी उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बिना पंजीयन के उम्मीदवारों को रोजगार मेले में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होते समय अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की प्रतियां और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
यहां मिलेगी अधिक जानकारी
रिक्त पदों, वेतनमान, योग्यता और कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eRojgar Chhattisgarh पर भी जानकारी उपलब्ध है।

