
वैशाली नगर। इंदिरा गाँधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री विनोद चेलक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अल्का मेश्राम द्वारा की गई। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी के अभिनंदन के साथ हुआ। महाविद्यालय ने अपनी अनूठी परंपरा को कायम रखते हुए अतिथियों का स्वागत “सजीव स्मृति चिन्ह” (नन्हे पौधे) भेंट कर किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और प्राध्यापकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे महाविद्यालय के बढ़ते गौरव का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. अल्का मेश्राम ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि “महाविद्यालय का गौरव आप सभी की मेहनत और अनुशासन से ही है।” उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई छोटा रास्ता (Short-cut) नहीं होता, इसलिए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें। वहीं छात्र संघ प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूँजी है।” उन्होंने छात्र-छात्राओं को नैतिकता और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का मंत्र दिया।
समारोह के मुख्य आकर्षण में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया। खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, समाज सेवा के लिए समर्पित NSS स्वयंसेवकों और अनुशासित NCC कैडेट्स को उनकी विशिष्ट सेवाओं हेतु प्रशस्ती पत्र और पदक प्रदान किए गए। साथ ही, विश्वविद्यालयीन प्रावीण्य सूची (Merit List) में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्रों और मानवता की सेवा में निस्वार्थ रक्तदान करने वाले ‘जीवनदाताओं’ को भी मंच पर सम्मानित किया गया |
इस दौरान डॉ. मेरिली रॉय द्वारा लिखित पुस्तक ‘Revisiting Time to Find Dad’ और डॉ. शिखा श्रीवास्तव के शोध अध्याय (भारतीय ज्ञान प्रणाली- अवधारणाएं एव्ं अनु प्रयोग) की भी मुक्त कंठ से सराहना की गई एव्ं इसे महाविद्यालय की अमूल्य धरोहर बताते हुए दोनों महिला प्राध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र संघ समिति के सदस्य डॉ. अमृतेश शुक्ला ने मुख्य अतिथि, महाविद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं के प्रति औपचारिक आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन गरिमामय वातावरण में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्र संघ समिति के सभी सदस्यों सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
