इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भव्य रोजगार मेले का आयोजन

Spread the love

भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीएम-उषा योजना के अंतर्गत लक्ष्य फाउंडेशन के सहयोग से भव्य रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम के करकमलों से हुआ। पीएम-उषा समन्वयक डॉ. संजय दास ने अपने उद्बोधन में बताया कि पीएम-उषा (प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान) का मुख्य उद्देश्य राज्य संचालित उच्च शिक्षण संस्थानों में पहुंच, समानता, जवाबदेही, क्षमता और गुणवत्ता को बढ़ावा देकर उच्च शिक्षा के स्तर में सुधार करना है।
प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए अवसरों का लाभ उठाने की प्रेरणा दी।
रोजगार मेले में Bandhan Bank, Flipkart, Cholamandalam Investment and Finance Company, Technotask Business Solutions, Randstad India, MedPlus तथा Satya MicroCapital सहित कुल सात कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के एचआर अधिकारियों ने प्री-प्लेसमेंट टॉक के माध्यम से अपनी-अपनी संस्थाओं एवं उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को दी।
कार्यक्रम में मंच पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, आईक्यूएसी समन्वयक सुश्री शैल शर्मा, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. अजय मनहर, लक्ष्य फाउंडेशन की प्रोजेक्ट मैनेजर सुश्री प्रभजोत कौर तथा प्लेसमेंट मैनेजर श्री हिमांशु साहू उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. अल्पा श्रीवास्तव ने किया।
डॉ. अमृतेष शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों से 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर उत्तीर्ण कुल 396 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से लगभग 370 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। परिणामस्वरूप बंधन बैंक ने 23, फ्लिपकार्ट ने 20, सत्य माइक्रोकैपिटल ने 18, रैंडस्टैड ने 16, मेडप्लस ने 7 तथा चोलामंडलम ने 4 अभ्यर्थियों का चयन किया। मेडप्लस द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को ऑन-द-स्पॉट ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए। वहीं टेक्नोटॉस्क ने ईमेल के माध्यम से 98 चयनित उम्मीदवारों की सूची भेजते हुए उन्हें कार्यालय में संपर्क हेतु आमंत्रित किया।
इस प्रकार कुल 186 अभ्यर्थी इस रोजगार मेले से लाभान्वित हुए, जो महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ, पीएम-उषा योजना तथा लक्ष्य फाउंडेशन को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?