
फाइल फोटो
कुरुद (धमतरी)। धमतरी जिले के ग्राम परखंदा में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रतिबंधित सरकारी नर्सरी की जमीन पर अवैध रेत उत्खनन के दौरान एक पुराना मानव कंकाल बाहर निकल आया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नर्सरी परिसर में रेत माफियाओं द्वारा जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी की परतों के नीचे दबा एक नर कंकाल बाहर आ गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों को जमीन से निकले मांस के लोथड़ों को नोंचते देखा। पास जाकर देखने पर एक कंकाल पड़ा मिला, जिसका सिर धड़ से अलग था। अवशेषों के साथ लंबे बाल भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह किसी महिला का शव हो सकता है, जो लंबे समय से वहां दफन था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रतिबंधित सरकारी नर्सरी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। पेड़ों को जड़ों से उखाड़कर मशीनों से खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत पर भी मूक सहमति देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूचना मिलते ही कुरुद थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अवशेषों का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। साथ ही मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध उत्खनन और कंकाल मिलने के दोनों पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

