
अश्वनी नगर में देर रात वारदात से सनसनी, एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने 22 वर्षीय युवक को मृत घोषित किया; CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
रायपुर, 31 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में देर रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास दो युवकों ने विवाद के बाद अहमद खान का पीछा किया। भागने के दौरान अहमद की स्कूटी नाली में गिर गई, जिसके बाद आरोपियों ने उसे घेरकर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विवाद के बाद स्कूटी से भाग रहा था युवक
जानकारी के अनुसार डंगनिया निवासी अहमद खान सोमवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दो युवकों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा। दोनों युवक उसका पीछा करने लगे।
भागते समय अहमद की स्कूटी सड़क किनारे स्थित नाली में जा गिरी और वह नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछा कर रहे दोनों युवकों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अहमद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
खून से लथपथ मिला युवक
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। DCP, ADCP और ACP के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामूली विवाद को घटना का कारण मानकर जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपियों और मृतक के बीच किसी पुराने विवाद या अन्य कारण की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लगातार हत्याओं को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
राजधानी में लगातार सामने आ रही हत्या और अवैध गतिविधियों की घटनाओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर में नशे, अवैध शराब, गांजा, सट्टा और जुए जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है और आए दिन चाकूबाजी तथा हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आम नागरिक और व्यापारी वर्ग सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार, सट्टेबाजी, जुए और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुरानी बस्ती थाना पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

