जर्जर स्कूल भवन में पढ़ रहे 80 बच्चे, अनहोनी की आशंका; पालकों ने दी तालाबंदी की चेतावनी

Spread the love

पाटन/अमलेश्वर। पाटन विकासखंड अंतर्गत अमलेश्वर नगर पालिका क्षेत्र के अमलेश्वरडीह वार्ड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। वर्षों पुराने इस भवन में वर्तमान में लगभग 80 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। भवन की खराब हालत को देखते हुए किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थिति से चिंतित अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन किया जाएगा।

दीवारों से झड़ रहा प्लास्टर, छत से टपक रही सीलन
स्कूल भवन की दीवारों और छत की हालत बेहद खराब हो चुकी है। कई जगहों से प्लास्टर झड़ रहा है और सीलन के कारण दीवारें कमजोर हो गई हैं। भवन में कुल तीन कमरे हैं, जिनमें से एक अत्यधिक जर्जर होने के कारण बंद कर दिया गया है। दूसरे कमरे को गोदाम के रूप में उपयोग किया जा रहा है, जबकि शेष एकमात्र कमरे में सभी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
अभिभावकों का कहना है कि इस स्थिति में बच्चों को बैठाकर पढ़ाई कराना खतरे से खाली नहीं है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

एक ही कमरे में लग रही कक्षाएं
स्कूल परिसर में स्थित दूसरा पुराना भवन भी जर्जर हो चुका है। सुरक्षा कारणों से वहां बच्चों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और गेट पर ताला लगा दिया गया है। मजबूरी में सभी विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है, जिससे न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में है।

मंत्री के नाम ज्ञापन, नए भवन की मांग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पालकों, जनप्रतिनिधियों और शाला प्रबंधन समिति ने एकजुट होकर प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सर्वसुविधायुक्त नए स्कूल भवन की शीघ्र स्वीकृति की मांग की गई है।
इसके साथ ही कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाटन और संबंधित थाना प्रभारी को भी आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों और पालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस पहल नहीं की गई तो वे बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे और शाला में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेंगे।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
नगर पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, समाजसेवी रामाधार साहू और पार्षद मालती साहू ने आरोप लगाया कि लगातार मांग के बावजूद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि जर्जर भवन के कारण बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान डोमन यादव, गिरधर साहू, ताम्रध्वज साहू, चैनसिंह साहू, कीर्ति यादव, भागी साहू, घासी यादव, जयप्रकाश साहू और राजेंद्र मेश्राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने दोहराया कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?