बाथरूम में ट्यूशन टीचर की जली हुई लाश मिलने से सनसनी,  हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Spread the love

भिलाई (सेक्टर-8) : भिलाई के पॉश इलाके सेक्टर-8 में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ रहने वाली 50 वर्षीय ट्यूशन टीचर रजनी देवांगन की उनके ही घर के बाथरूम में जली हुई लाश मिली। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

पड़ोसियों ने देखा धुआं, तब खुला राज

घटना शाम करीब 4:20 बजे की है। पड़ोसियों ने रजनी के घर के बाथरूम से धुंआ निकलता देखा और मांस जलने की तेज बदबू आने पर तुरंत उनके बेटे राहुल और पुलिस को सूचना दी। भिलाई नगर थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया, जहाँ बाथरूम में रजनी का शव जली हुई अवस्था में मिला।

मौके से मिले संदिग्ध साक्ष्य

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण चीजें बरामद हुई हैं जिसमें बाथरूम के पास ही माचिस की तीली और ज्वलनशील तरल पदार्थ मिला है साथ ही पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे हैंडराइटिंग मिलान के लिए लैब भेजा जा सकता है। मृतका के एक बेटी ओर एक बेटा है ।बता दें कि बेटा डॉक्टर है और बेटी MBBS कर रही है। दोनों घटना के वक्त बाहर गए हुए थे।

शिक्षित परिवार, कोई विवाद नहीं!

पड़ोसियों के अनुसार, रजनी देवांगन एक सम्मानित महिला थीं और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। उनके परिवार में कभी किसी तरह के विवाद या तनाव की आवाज नहीं सुनी गई। अचानक हुई इस घटना से पूरा मोहल्ला सदमे में है।

पुलिस का बयान: “पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार”

भिलाई नगर पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन मर्डर के एंगल को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।  पुलिस यह पता लगा रही है कि सुसाइड नोट किसने लिखा और महिला किसी मानसिक तनाव में तो नहीं थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग लगने से पहले उनकी मृत्यु हुई थी या आग ही मौत का कारण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?