
दुर्ग जिले में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के उमदा रोड की है, जहां बाइक सवार युवक अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक गाय से टकराकर अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान बगल से गुजर रहे एक ट्रक का पिछला पहिया सड़क पर गिरे युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक किसी तरह बच गया, हालांकि उसे चोटें आई हैं।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे गाय से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरते हैं और ट्रक की चपेट में आ जाते हैं।
मृतक की पहचान सुरडुंग निवासी नीलेश कुर्रे के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम भीमा उमदा बताया जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक शराब पीकर घर लौट रहे थे।
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी है।



