
अंबिकापुर। सरगुजा में मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ मोटी तनख्वाह की नौकरी का लालच देकर दो युवतियों को उज्जैन ले जाकर बेच दिया गया। घटना के उजागर होने के बाद पुलिस ने एक युवती को उज्जैन से बरामद कर लिया है, जबकि दूसरी युवती की तलाश अभी भी जारी है।

आरोपियों ने एक हफ्ते तक बंधक बनाकर रखा था
जानकारी के अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र की बरामद युवती को उज्जैन में एक घर में करीब एक हफ्ते तक बंधक बनाकर रखा गया था। उसके शोर मचाने पर स्थानीय पुलिस ने उसे मुक्त कराया और परिजनों को सौंप दिया। वहीं दूसरी युवती को ढाई लाख रुपये में बेचकर खरीदार से शादी कराने की बात सामने आई है, जिसकी शिकायत परिजनों ने पुलिस से की है।

दूसरी युवती की तलाश में पुलिस
परिजनों का कहना है कि आरोपी दोनों युवतियों को अंबिकापुर से ट्रेन के जरिए उज्जैन ले गए और उन्हें सौदेबाजी का शिकार बनाया। मामले में पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम दूसरी युवती का पता लगाने के लिए उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही है।


