500 तहसीलदारों की हड़ताल: BJP विधायक बोले- खुद दूंगा गिरफ्तारी, कांग्रेस ने कहा- सुशासन नहीं ‘गुंडाराज’

Spread the love

सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट के आरोप के बाद प्रदेशभर में विरोध, राजस्व कामकाज ठप

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सरगुजा जिले के सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप लगने के बाद प्रदेशभर के 500 से अधिक तहसीलदार और राजस्व अधिकारी शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए। अधिकारियों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए काम बंद कर दिया, जिससे कई जिलों में राजस्व कामकाज प्रभावित रहा।

वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो ने खुद थाने जाकर गिरफ्तारी देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि “यह सुशासन की सरकार है, यहां मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराने में भी किसी को परेशानी नहीं हुई। अब मैं खुद गिरफ्तारी देने जा रहा हूं। अधिकारियों को हड़ताल करने की जरूरत नहीं है।”

रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा में कामकाज प्रभावित

तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल का असर रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसरों में अधिकारी धरने पर बैठे नजर आए। राजस्व से जुड़े जरूरी काम, दस्तावेज सत्यापन और नामांतरण जैसी प्रक्रियाएं प्रभावित रहीं।

यह पूरा विवाद सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र स्थित राजापुर उप तहसील कार्यालय से शुरू हुआ, जहां नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन संबंधी शाख शोध पत्र के लिए 14 मई को आवेदन दिया था। आरोप है कि कई दिनों तक दफ्तर के चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं हुआ। बुधवार को जब वे दोबारा कार्यालय पहुंचीं तो नायब तहसीलदार से उनकी बहस हो गई।

सीमा धनकी का आरोप है कि उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने को कहा तो अधिकारी भड़क गए और अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर निकलने को कहा। इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई, जिसके बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए।

“विधायक ने बुलाकर पिटवाया” : नायब तहसीलदार

नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि शाम करीब 6 बजे विधायक ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। उनके साथ SDM फागेश सिन्हा भी पहुंचे थे। तुषार मानिक के अनुसार, बातचीत के दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें अलग ले जाकर पीटा, जबकि बीच-बचाव में पहुंचे SDM ने किसी तरह उन्हें बचाया। घटना के बाद SDM उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर अंबिकापुर ले गए।

हालांकि विधायक पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है।

विधायक की बहन ने भी लगाया बदसलूकी का आरोप

विधायक की बहन सीमा धनकी ने भी नायब तहसीलदार पर अभद्रता और बदसलूकी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारी ने फाइल फेंकी और उन्हें दफ्तर से बाहर निकाल दिया। इसी शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

दोनों पक्षों पर FIR दर्ज

सीतापुर थाने में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर FIR दर्ज की गई है।

नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर महिलाओं से जुड़े अपराध, अश्लीलता और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

कांग्रेस ने साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को “भाजपाइयों की गुंडागर्दी” बताते हुए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सरकार के पास जनता तक पहुंचने की कोई योजना नहीं है, इसलिए अधिकारी-कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है। अब उनकी पिटाई तक हो रही है।”

वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को मनमानी का अधिकार नहीं है।

विधायक का बयान- “कांग्रेस शासन में ऐसा नहीं होता था”

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून सभी के लिए बराबर है, जबकि कांग्रेस शासनकाल में ऐसा नहीं होता था। उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने और किसी प्रकार की भीड़ या तनाव की स्थिति नहीं बनाने की अपील की है।

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल और भाजपा विधायक पर लगे आरोपों ने सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?