
दुर्ग। छत्तीसगढ़ सेट परीक्षा 2026 के 4 अक्टूबर को दो पालियों में आयोजन संबंधी दिशा निर्देशों से अवगत कराने हेतु आज शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के राधा कृष्णन सभागार में दुर्ग जिले के 80 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्षों एवं नोडल केन्द्र द्वारा तथा समन्वय केन्द्र द्वारा नियक्त पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग सेशन आयोजित की गई। दो पालियों में प्रातः 11.00 से 1.00 बजे तथा दोपहर 2.00 से 4.00 बजे तक आयोजित भिन्न-भिन्न प्रशिक्षण सेशन में कुल मिलाकर 250 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रमुख रूप से प्रशिक्षण देने वालों में नोडल अधिकारी जिला दुर्ग के एसडीएम श्री सोनल डेविड, दुर्ग जिले के समन्वयक डॉ अजय कुमार सिंह तथा सहायक समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना शामिल थे। डॉ. सुराना ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि सेट 2026 परीक्षा 30 विषयों में 80 परीक्षा केन्द्रों पर 2 पालियों में आयोजित होगी। इन परीक्षा केन्द्रों का विस्तार पाटन से लेकर धमधा तक है। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सुराना ने यह जानकारी दी कि परीक्षा समाप्ति के दोनों पालियों के
पश्चात् गोपनीय सामग्री समन्वय केन्द्र साईंस कॉलेज, दुर्ग स्थित शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में जमा होगी। सभी कार्य को सुचारू रूप से संचालन के लिये साईंस कॉलेज, दुर्ग में 12 सहायक समन्वयकों की नियुक्ति की गई है, इनमें इनमें डॉ अभिनेष सुराना, डॉ. पद्मावती, डॉ. राकेश रंजन सिंह, डॉ. अनिल पाण्डेय, डॉ. दिव्या कुमुदिनी मिंज, डॉ. एस.डी. देशमुख, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ राकेश तिवारी, डॉ. सुनीता बी. मैथ्यू, डॉ. मर्सी जॉर्ज, डॉ. जी.एस.ठाकुर, डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी शामिल है। प्राचार्य एवं दुर्ग जिले के समन्वयक डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस परीक्षा हेतु दुर्ग जिले में 24143 परीक्षार्थी आबंटित किये गये है। डॉ. सिंह ने बताया कि दो पालियों में आयोजित होने वाली सेट परीक्षा की प्रथम पाली 4 अक्टूबर 2026 रविवार को प्रातः 1000 से 11.15 तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिये परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र पर प्रातः 9.30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रातः 9.30 बजे सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश द्वार अनिवार्य रूप से बंद कर दिये जायेंगे तथा इसके पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी का प्रवेश संभव नहीं होगा। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में वैध प्रवेश पत्र तथा फोटो युक्त परिचय पत्र जैसे आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस, मतदाता परिचय पत्र, फोटो युक्त बैंक की पासबुक आदि मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। किसी भी दस्तावेज की फोटो कापी स्वीकार नहीं होगी। द्वितीय पाली में सेट परीक्षा का समय दोपहर 200 से 4.15 तक होगा, इसके लिए परीक्षार्थी को 1.30 के पश्चात् प्रवेश नही दिया जायेगा। व्यापम के निर्देशानुसार सभी परीक्षार्थियों को हाफ बाहीं वाले हल्के रंग के वस्त्र तथा चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। सभी परीक्षार्थियों को कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित है।

