स्वीमिंग पुल में सिपाही की मौत का सच आया सामने, गर्दन की टूटी हुई थी हड्डी, पानी के अंदर ही बेहोश….

Spread the love

रायपुर के VIP रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस में माना थाने के सिपाही रमाकांत सिंह की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य डूबने की घटना माना जा रहा था, लेकिन रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।


 रायपुर 17 मई 2026। VIP रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस में हुए सिपाही रमाकांत सिंह की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद नया खुलासा हुआ है। माना थाने में पदस्थ सिपाही की मौत को पहले सामान्य डूबने की घटना माना जा रहा था, लेकिन शनिवार को आई शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया ह

रिपोर्ट के अनुसार रमाकांत सिंह ने स्विमिंग पूल में जंप लगाया था। इसी दौरान उनका सिर सीधे पूल के फर्श से टकरा गया, जिससे उनकी गर्दन की हड्डी टूट गई। गंभीर चोट लगने के बाद वह पानी के भीतर ही बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। माना जा रहा है कि इसी वजह से उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक घटना के समय उनके साथ मौजूद साथी पुलिसकर्मी और अन्य लोग शुरुआत में यह समझते रहे कि रमाकांत मजाक कर रहे हैं या पानी के भीतर लुका-छिपी जैसा कुछ कर रहे हैं। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं आए, तब लोगों को शक हुआ। इसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद रमाकांत सिंह अपने कुछ साथी पुलिसकर्मियों और परिचितों के साथ फार्म हाउस में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है और साथी पुलिसकर्मी भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

इस घटना के बाद फार्म हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार स्विमिंग पूल परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। यह सवाल भी उठ रहा है कि बिना प्रशिक्षित लाइफगार्ड या सुरक्षा गार्ड के स्विमिंग पूल संचालन की अनुमति कैसे दी गई।

सूत्रों के अनुसार अब तक फार्म हाउस संचालकों से विस्तृत पूछताछ नहीं की गई है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना के समय मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि रमाकांत सिंह को तैरना आता था। ऐसे में उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हादसा केवल जंप के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण भी हो सकता है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है और इसी आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?