
आज एक साथ निकलेगी अंतिम यात्रा, राजनांदगांव में शोक की लहर
राजनांदगांव, 30 मई 2026। शहर के चौखड़िया पारा क्षेत्र से एक बेहद भावुक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां वरिष्ठ नागरिक मांगीलाल शर्मा (लगभग 80 वर्ष) और उनके पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू (45 वर्ष) का एक ही दिन में निधन हो गया। इस घटना से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।
बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता
जानकारी के अनुसार, चंद्रप्रकाश शर्मा का अचानक निधन हो गया। बेटे के निधन की खबर जैसे ही उनके पिता मांगीलाल शर्मा तक पहुंची, उन्हें गहरा मानसिक आघात लगा। परिजनों का कहना है कि पुत्र को खोने का दुख वे सहन नहीं कर सके और कुछ ही समय बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। इस मार्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है।
इलाके में पसरा मातम
पिता-पुत्र के एक ही दिन निधन की खबर फैलते ही चौखड़िया पारा सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों समाज और क्षेत्र में काफी परिचित थे। उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का लगातार पहुंचना जारी है। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को बेहद दुखद और असहनीय बताया है।
दालसीरा दुकान से थी विशेष पहचान
चंद्रप्रकाश शर्मा और उनका परिवार गौशाला पारा क्षेत्र में संचालित प्रसिद्ध दालसीरा दुकान के कारण शहरभर में पहचान रखते थे। स्थानीय लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “दालसीरा वाले चंदू” के नाम से जानते थे। उनके निधन की खबर से व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
आज निकलेगी अंतिम यात्रा
परिजनों के अनुसार, दिवंगत पिता-पुत्र की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 9:30 बजे चौखड़िया पारा स्थित निवास से निकाली जाएगी। एक ही घर से दो अर्थियां उठने की खबर ने पूरे शहर को भावुक कर दिया है।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
