छत्तीसगढ़ के मजदूरों पर आतंकी हमला, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर, सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन जारी

Spread the love

श्रीनगर 31 जुलाई 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर निर्दोष मजदूरों को निशाना बनाया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में सेना व सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने मजदूरों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे (24 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भूपेंद्र कुमार (28 वर्ष) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को लेकर दुख जताया है। उन्होंने घायल श्रमिक के बेहतर इलाज के निर्देश दिये हैं।

हमले की सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

इधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुआ यह आतंकी हमला बेहद अमानवीय और कायरतापूर्ण है, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की जान चली गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस हमले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?