अवैध संबंधों के शक में पत्नी ने पति पर किया जानलेवा हमला, निजी अंग काटा, महिला गिरफ्तार

Spread the love

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद और अवैध संबंधों के शक को लेकर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने देर रात सो रहे अपने पति पर हंसिए से हमला कर उसका निजी अंग काट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला द्रोपती बाई और उसके पति राजेश कौशिक के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। राजेश पेशे से राजमिस्त्री बताया जा रहा है। महिला को अपने पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

बताया गया कि घटना वाली रात राजेश शराब के नशे में घर लौटा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद राजेश सो गया, लेकिन पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच महिला ने घर में रखे हंसिए से पति पर हमला कर दिया।

हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय घर में उनका नाबालिग बेटा और एक रिश्तेदार महिला भी मौजूद थे। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल ले जाया गया। परिजन कटे हुए अंग को भी अस्पताल लेकर पहुंचे, ताकि चिकित्सकीय प्रक्रिया में सहायता मिल सके।

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महिला अपने पति की शराब पीने और मारपीट की आदतों से परेशान थी। उसे पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का शक भी था। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और आपसी अविश्वास को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?