कोरबा, 1 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े तीन मासूम बच्चों पर अचानक भारी डंगाल गिर गई, जिससे तीनों बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ गांव के आश्रित मोहल्ले में रहने वाले कमलेश कुमार, इंदिस तिर्की और शिव टेकाम नामक नाबालिग बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए तीनों बच्चे पास में स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी बीच तेज हवा के दबाव से पेड़ की एक बड़ी डंगाल टूटकर सीधे बच्चों के ऊपर आ गिरी।
अस्पताल पहुंचने से पहले एक की मौत, दो ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चों को डंगाल के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान दो अन्य बच्चों ने भी दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस दुखद घटना को लेकर गहरा शोक देखा जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है।
मौसम विभाग की चेतावनी
प्रदेश के कई हिस्सों में इन दिनों तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं का दौर जारी है। मौसम विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मुख्य बिंदु
- कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा।
- बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे तीन बच्चे।
- तेज हवा से पेड़ की भारी डंगाल टूटकर बच्चों पर गिरी।
- तीनों बच्चों की मौत, गांव में शोक की लहर।
- पुलिस ने शुरू की जांच और आवश्यक कार्रवाई।


