
ग्रीन केमिस्ट्री, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीएनए और जल प्रबंधन मॉडल बने आकर्षण का केंद्र, छात्राओं ने किया हर्बल साबुन निर्माण का प्रदर्शन
भिलाई-दुर्ग, 23 नवंबर 2026। शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में गणित, रसायन शास्त्र, भूगोल, भौतिकी, वनस्पति शास्त्र एवं जंतु शास्त्र विभागों के संयुक्त तत्वावधान में साइंस क्लब का उद्घाटन समारोह एवं विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों, मॉडल और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपने ज्ञान का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। विज्ञान विभाग प्रमुख श्री शंभू प्रसाद निर्मलकर ने साइंस क्लब के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पिछले सत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्लब के अंतर्गत विद्यार्थियों को बी.आर.पी. भिलाई, शक्कर कारखाना करकाभाट (बालोद) एवं राजाराम मेज प्लांट राजनांदगांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इसके अलावा मृदा परीक्षण प्रयोगशाला रुआबांधा में व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर अंतर-महाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम के साथ माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान और उनका आशीर्वाद भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अपने ज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक विषयों पर दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में आयोजित पावरपॉइंट प्रस्तुति के अंतर्गत तृतीय सेमेस्टर की विद्या ने ग्रीन केमिस्ट्री, पंचम सेमेस्टर की उपासना ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तृतीय सेमेस्टर के यशवंत ने डीएनए तथा प्रथम सेमेस्टर की पुष्पांजलि ने विकसित भारत @2047 विषय पर प्रस्तुति दी। वहीं तृतीय सेमेस्टर के टिकेश एवं आशीष ने भारत की एक वर्ष की वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
विज्ञान प्रदर्शनी में मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र
विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम सेमेस्टर की ज्योति एवं राशि द्वारा तैयार जल प्रबंधन मॉडल ने विशेष आकर्षण प्राप्त किया। पंचम सेमेस्टर की उपासना ने जंतु कोशिका एवं नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। तृतीय सेमेस्टर के टिकेश ने आवर्त सारणी तथा पंचम सेमेस्टर की उमा ने केशिकत्व नली का मॉडल प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों के इन मॉडलों के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं व्यावहारिक रूप में समझाने का प्रयास किया गया।
प्राकृतिक सामग्रियों से हर्बल साबुन बनाने का प्रदर्शन
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बीएससी पंचम सेमेस्टर की छात्राओं दीपिका, सोनाली, प्रियल, खुशबू एवं उमा द्वारा हर्बल साबुन निर्माण की व्यावहारिक प्रस्तुति रही। छात्राओं ने प्राकृतिक सामग्रियों के उपयोग से हर्बल साबुन तैयार करने की विधि का जीवंत प्रदर्शन किया और इस गतिविधि के माध्यम से विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रितु श्रीवास्तव ने किया। अंत में साइंस क्लब की समन्वयक डॉ. ममता ने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार, अनुसंधान एवं व्यावहारिक ज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।

