
वाग्मिता, वाद-विवाद और तत्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा; आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने पर रहा जोर
दुर्ग। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में युवा उत्सव के अंतर्गत दो दिवसीय बौद्धिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना के मार्गदर्शन तथा सांस्कृतिक एवं युवा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी वाकपटुता, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 18 नवंबर 2026 को वाग्मिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों के पक्ष और विपक्ष में तर्कपूर्ण विचार रखकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
द्वितीय दिवस 19 नवंबर 2026 को तत्कालिक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को मौके पर ही विषय देकर बिना पूर्व तैयारी के अपने विचार प्रस्तुत करने की चुनौती दी गई। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और सहजता के साथ इस चुनौती का सामना करते हुए अपनी भाषण कला और विचारों की स्पष्टता का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करना, उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को बेहतर बनाना तथा उन्हें आगामी अंतर-महाविद्यालयीन एवं विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के सांस्कृतिक एवं युवा उत्सव प्रभारी प्रो. नूतन कुमार देवांगन ने किया। संपूर्ण आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता रही। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने प्रतिभागियों के उत्साह और प्रयासों की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. नागरत्ना गनवीर, निवेदिता मुखर्जी, डॉ. लिनेन्द्र कुमार वर्मा, प्रो. शंभू प्रसाद निर्मलकर, प्रो. वेद प्रकाश सिंह, डॉ. पूजा पाण्डेय, श्रीमती विनीता एवं डॉ. ममता सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

