पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिखाई संवेदनशीलता; हेलीकॉप्टर से रायपुर लाकर अस्पताल में कराया भर्ती

Spread the love

घर में फिसलकर गिरने से पैर में आई चोट, चलने-फिरने में हो रही थी परेशानी; बालाजी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले अपने निवास पर फिसलकर गिरने के कारण उनके पैर में चोट आई थी। चोट के चलते उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके बेहतर उपचार की व्यवस्था की और उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान उनका एक कार्यक्रम नंदकुमार साय के निवास के समीप आयोजित था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे रात में सीधे उनके घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

लंबी सड़क यात्रा से बचाने हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर

मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के कारण उन्हें आवागमन में काफी दिक्कत हो रही थी। ऐसे में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें रायपुर लाने का निर्णय लिया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री को भी रायपुर लौटना था, इसलिए वे नंदकुमार साय को अपने साथ हेलीकॉप्टर से लेकर आए, ताकि लंबी सड़क यात्रा के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी न हो।

रायपुर पहुंचने के बाद नंदकुमार साय के उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं नंदकुमार साय

नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक प्रमुख आदिवासी चेहरा रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे और लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

उनके चोटिल होने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा स्वयं उनसे मुलाकात कर बेहतर उपचार के लिए रायपुर लाने की पहल भी चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?