नए महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 1 जून 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3071.50 रुपये की जगह 3113.50 रुपये में मिलेगा। यानी सीधे 42 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
बढ़े हुए दाम सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं हैं। बेंगलुरु में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 3198 रुपये पहुंच गई है। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में भी रेट बढ़े हैं। यहां घरेलू सिलेंडर 920 रुपये का हो गया है जबकि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 3135 रुपये में मिलेगा।
लगातार तीसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा चलाने वालों पर पड़ेगा। कारोबारियों का कहना है कि लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं।
हालांकि राहत की बात ये है कि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल पुराने रेट पर ही सिलेंडर मिलता रहेगा। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी के दाम तय करती हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए क्या हैं रेट?
दिल्ली समेत पूरे देश में घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। इसके रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अगर दिल्ली की बात करें तो घरेलू ग्राहकों के लिए 14.2 किलो का रसोई गैस सिलेंडर ₹913 में उपलब्ध है। वहीं 5 किलो का छोटा घरेलू सिलेंडर ₹339 में मिल रहा है। इसके अलावा 10 किलो एक्स्ट्रालाइट एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹652 तय की गई है।

