
दुर्ग। बोरसी निवासी दुर्ग की वर्तिका श्रीवास्तव द्वारा मार्गदर्शित शॉर्ट फिल्म “कनपटी भर सिंदुर” का चयन राष्ट्रीय जागरण फिल्म फेस्टिवल मुबंई हेतु हुआ है। इस फिल्म की स्क्रीनिंग अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चर सेंटर में बड़ी संख्या में उपस्थित फिल्म सितारों, निर्देशकों एवं दर्शकों के मध्य की जायेगी। आलोक कुमार द्वारा निर्देशित इस शॉर्ट फिल्म में दुर्ग की वर्तिका श्रीवास्तव एक्जुकेटिव प्रोड्यूसर है। इस फिल्म में सिनेमेटोग्राफी के.एस. सुदीप ने तथा एडिटिंग का कार्य राकेश ओरांव ने किया है. जबकि ऑडियोग्राफी एवं साउण्ड डिजाइन निलेश का तथा गीतों का संयोजन एवं बैकग्राउण्ड म्यूजिक स्वयांशु द्वारा की गयी है।
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, हुडको भिलाई से हायर सेकेण्डरी की परीक्षा उत्तीर्ण वर्तिका श्रीवास्तव ने पुणे स्थित एम.आई.टी. से स्नातक की परीक्षा मॉस कम्प्यूनिकेशन में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। इसके पश्चात् अखिल भारतीय स्तर की प्रवेश परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर वर्तिका का चयन कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एण्ड टेलीविजन संस्थान में हुआ। इसी संस्थान के सहयोग से वर्तिका एवं साथियों ने यह शॉर्ट फिल्म तैयार की है। एस.आर.एफ.टी.आई संस्थान कोलकाता से वर्तिका ने स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। वर्तिका ने बताया कि शॉर्ट फिल्म में उन्होंने अनेक राज्यों में व्याप्त कुरीतियों, को समाज के समक्ष लाने का प्रयास किया है। कई राज्यों में उच्च शिक्षित एवं उच्च पदों पर पदस्थ विद्यार्थियों का अपहरण कर बिना उनकी सहमति के बलपूर्वक विवाह करा दिया जाता है। इसका असर वर एवं वधू दोनों की सम्पूर्ण जीवन पर पड़ता है। वर्तिका ने बताया कि इससे पूर्व भी इस शॉर्ट फिल्म का चयन अहमदाबाद में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इस फिल्म के प्रमुख कलाकारों में दाउद हुसैन, पंकज देवा, सुब्रत सेन गुप्ता आदि शामिल है। उल्लेखनीय है, कि वर्तिका ने इससे पूर्व छत्तीसगढ़ के जादू टोना संबंधी अंधविश्वास के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक शॉर्ट फिल्म का निर्माण किया था, जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हुई थी।
उल्लेखनीय है, कि वर्तिका साईंस कालेज, दुर्ग में भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव तथा शासकीय उच्चतर माध्यामिक विद्यालय, धनोरा की व्याख्याता डॉ. सरिता श्रीवास्तव की सुपुत्री है।

