
बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़कीभाट गांव में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। अंडा सब्जी नहीं बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि गुस्साए पति ने पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
जानकारी के अनुसार, पड़कीभाट गांव में रहने वाले दंपति के बीच भोजन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि पति ने अंडा सब्जी बनाने की बात कही थी, लेकिन किसी कारणवश भोजन तैयार नहीं होने पर दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर पति ने आपा खो दिया और पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया
घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार किया जा रहा है।
वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
