भूगोल विभाग में परिषद गठन, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों का सम्मान

Spread the love

डोंगरगढ़, 18 सितंबर 2026। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ के भूगोल विभाग में विभागीय परिषद गठन, नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जांबुलकर के मार्गदर्शन तथा भूगोल विभागाध्यक्ष श्री हेमू राम पदमें एवं डॉ. नौशीन अंजुम के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीमती आशा चौधरी एवं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष श्री गुलशन सिंहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. श्रीमती आशा चौधरी ने भूगोल विभागीय परिषद के मनोनीत सदस्यों के नामों की घोषणा की। विभागाध्यक्ष श्री हेमू राम पदमें एवं डॉ. नौशीन अंजुम ने नवनियुक्त परिषद सदस्यों को बैच लगाकर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

भूगोल विभागीय परिषद में कुमारी खोमेश्वरी को अध्यक्ष, आकाश वर्मा को उपाध्यक्ष, कुमारी लोकेश्वरी को सचिव तथा कुमारी सुखमा को सह-सचिव मनोनीत किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुमारी ऊष्मा, कुमारी ललिता, कुमारी संध्या, कुमारी दिलकश, कुमारी हिमानी, कुमारी लीकेश्वरी ठाकुर एवं कुमारी रोशनी को जिम्मेदारी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. श्रीमती आशा चौधरी ने सभी नवनियुक्त परिषद सदस्यों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भूगोल विषय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय के अध्ययन के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य एवं करियर निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम में भूगोल विभाग के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया गया। वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नए विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन और महाविद्यालयीन जीवन से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विभागीय वातावरण से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मीयता एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा।

भूतपूर्व विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में भूगोल विभाग के भूतपूर्व विद्यार्थी उदय कुमार एवं कुमारी साधना उइके को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। दोनों पूर्व विद्यार्थियों ने विभाग में अध्ययन के दौरान के अपने अनुभव साझा किए तथा वर्तमान विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभाग एवं महाविद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों को याद करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन कुमारी लोकेश्वरी ने किया। अंत में डॉ. नौशीन अंजुम ने अतिथियों, प्राध्यापकों, भूतपूर्व विद्यार्थियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। समारोह में भूगोल विभाग के समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?