राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को सम्मानित, रायपुर-बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार

Spread the love

लगातार दूसरे वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने दर्ज कराई उपलब्धि, 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होगा सम्मान समारोह

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में तीनों नगरीय निकायों को सम्मानित करेंगी। खास बात यह है कि लगातार दूसरे वर्ष इन तीनों निकायों को स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार के लिए चुना गया है।

विज्ञान भवन में आयोजित होगा राष्ट्रीय सम्मान समारोह

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चयनित शहरों को पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश के प्रतिनिधि भी समारोह में होंगे शामिल

इस राष्ट्रीय समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। उनके साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा स्वच्छता कर्मी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

सफाई मित्रों और नागरिकों की भागीदारी से मिली सफलता

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता अभियान में सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।

रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी बनाने में नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लगातार दूसरे वर्ष तीनों नगरीय निकायों का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होना छत्तीसगढ़ के शहरी स्वच्छता प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?