दुर्ग पुलिस का बड़ा अभियान: अड्डेबाजी और खुले में शराब पीने वालों पर शिकंजा, 55 प्रकरण दर्ज

Spread the love

दुर्ग, 1 जून 2026। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विशेष अभियान चलाकर 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कुल 55 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों ने बाजारों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान खुले में शराब पीने, अड्डेबाजी करने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

चारों अनुविभागों में हुई कार्रवाई

अभियान के तहत दर्ज 55 प्रकरणों में सर्वाधिक कार्रवाई छावनी अनुविभाग में की गई, जहां 22 मामले दर्ज हुए। वहीं भिलाई नगर अनुविभाग में 18, दुर्ग अनुविभाग में 8 और धमधा अनुविभाग में 7 प्रकरण दर्ज किए गए।

शाम से देर रात तक चल रही विशेष निगरानी

दुर्ग पुलिस द्वारा प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीम बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस बल की रही अहम भूमिका

इस अभियान को सफल बनाने में जिले के सभी थाना प्रभारियों, मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों, डायल-112 स्टाफ और अन्य पुलिस बल की सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आम नागरिकों से सहयोग की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?