छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार 20 अप्रैल से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित करने की तैयारी में है। यह निर्णय छात्रों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है।

रायपुर 16 अप्रैल 2026। प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में आंशिक संशोधन किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि बढ़ती भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित करना हम सब की जिम्मेदारी है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व निर्धारित ग्रीष्मकालीन अवकाश को पहले लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि इस भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत सुरक्षित रह सके।
स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में दिनांक 01 मई 2026 से 15 जून 2026 तक घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में संशोधन करते हुए अब दिनांक 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश प्रदेश के समस्त शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय शालाओं पर लागू होगा।
राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और लू के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों से बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिसके बाद सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है।
सूत्रों के मुताबिक, जारी होने वाले आदेश के अनुसार 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी स्कूलों में कक्षाओं का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। यानी छात्रों को समय से पहले ही गर्मी की छुट्टियां मिल सकती हैं। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया जा रहा है।’

सरकार का मानना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर छोटे बच्चों के लिए लू (हीटवेव) का खतरा अधिक रहता है, जिससे डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में छुट्टियों का यह फैसला अभिभावकों के लिए भी राहत भरा साबित हो सकता है।
मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है तथा हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। साफ आसमान और लगातार बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ गया है। यही वजह है कि सरकार को समय से पहले गर्मी की छुट्टियां घोषित करने पर विचार करना पड़ा है।



