तुलसी पौधे के पास रील बनाने पर विवाद, दो समुदायों में तनाव: महिला घायल, विरोध में बजरंग दल ने किया हनुमान चालीसा पाठ

Spread the love

रायपुर, 11 जून 2026। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का पौधा रखा हुआ है। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे। आरोप है कि बच्चे गमले को पकड़कर हिला रहे थे, जिस पर परमिला सेन ने उन्हें ऐसा करने से मना किया और तुलसी पौधे का सम्मान करने की समझाइश दी।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद फिरदोस बेगम, उनकी बहन सलतनत बेगम और मेहताब खान मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सलतनत बेगम ने डंडे से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी घायल

विवाद बढ़ता देख पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन वे भी हिंसा की चपेट में आ गईं। शिकायत के मुताबिक, उनके सिर और नाक पर डंडे से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गईं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मुजगहन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विरोध में बजरंग दल का प्रदर्शन

घटना के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ता बस्ती में पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसकी सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?