रायपुर, 11 जून 2026। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल शोरूम में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। दोपहर तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी रहा।
मौदहापारा थाना क्षेत्र में स्थित इस प्रतिष्ठान में सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान खुलने के कुछ समय बाद अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एमसीबी का बटन उठाने के बाद शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
स्पेयर पार्ट्स और ज्वलनशील सामग्री से बढ़ी चुनौती
शोरूम के भीतर बड़ी मात्रा में वाहन स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

15 फायर ब्रिगेड और जेसीबी की मदद
आग बुझाने के लिए अब तक फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों को लगाया गया है। शोरूम के अंदर पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को दिक्कत हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से भवन के सामने का हिस्सा और दीवारें तोड़ी गईं, ताकि फायर टीम अंदर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा सके।
पानी की कमी बनी बड़ी चुनौती
रायपुर में फिल्टर प्लांट संबंधी कार्यों के कारण गुरुवार को पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। ऐसे में आग बुझाने के लिए तालाबों से पानी लाकर उपयोग किया गया। इसके अलावा नया रायपुर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन बुलाए गए।
आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी
आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे एमजी रोड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया तथा आसपास की कई दुकानों को बंद करा दिया गया। एहतियातन बिजली आपूर्ति भी रोक दी गई।
लाखों-करोड़ों के नुकसान की आशंका
एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आग से लाखों से लेकर करोड़ों रुपए तक के नुकसान की आशंका है। प्रशासन और फायर विभाग द्वारा आग पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जांच जारी
मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग बुझाने का अभियान जारी है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। :::
(रिपोर्ट: विशेष संवाददाता, रायपुर)

