
भिलाई। ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी जूडो प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए हैं। कलिंगा विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय एवं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के चारों खिलाड़ियों का चयन हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की टीम में हुआ था। सभी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। इस तरह महाविद्यालय ने प्रतियोगिता में शत-प्रतिशत सफलता दर्ज की।
प्रतियोगिता में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर के आदित्य सिंह ने 81 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (राजनीति विज्ञान) के घनश्याम निर्मलकर ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के अभिषेक अवस्थी ने 100 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा रोशन शर्मा ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. यशवंत कुमार देशमुख, क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ. कैलाश शर्मा एवं डॉ. अमृतेश शुक्ला सहित समस्त प्राध्यापकों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
