भिलाई, 21 जून। दुर्ग जिले के भिलाई नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक कर्मचारी के 22 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव सेक्टर-4 स्थित करीब 10 साल से बंद पड़े BSP स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने लिखा है, “मुझसे इतनी नफरत करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। परिजनों के अनुसार दीपांशु रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े स्कूल परिसर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से युवक की साइकिल, बैग और रस्सी भी बरामद हुई है।
पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि उसके शव को दफनाया नहीं जाए, बल्कि उसका अंतिम संस्कार किया जाए। हालांकि नोट में किसी व्यक्ति का नाम या आत्महत्या के पीछे की वजह का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपए मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं और उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान नहीं दिया। बाद में पता चला कि उन्हीं पैसों से युवक ने रस्सी खरीदी थी।
जानकारी के मुताबिक दीपांशु ने बीएससी की पढ़ाई पूरी कर ली थी और नौकरी की तलाश के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर गंभीर था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकता है।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

