
ज्यादा किराया वसूलने, यात्रियों से दुर्व्यवहार और सवारी बैठाने को लेकर विवाद करने पर होगी कानूनी कार्रवाई; पुलिस ने टैक्सी संचालकों की ली बैठक
रायपुर। माना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच सवारी बैठाने को लेकर आए दिन होने वाले विवाद और यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक रकम वसूलने की शिकायतों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ओला, उबर, रैपिडो सहित सभी टैक्सी ऑपरेटरों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।
रायपुर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने माना स्थित सीएसपी कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक ली। बैठक में विभिन्न टैक्सी सेवाओं से जुड़े संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने चालकों को यात्रियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए निर्देशित करें। साथ ही शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही लिया जाए और बुकिंग अथवा सवारी बैठाने को लेकर किसी प्रकार का विवाद न किया जाए।
सवारी बैठाने को लेकर दो चालकों के बीच हुई थी मारपीट
माना एयरपोर्ट पर 17 नवंबर को यात्री को बैठाने को लेकर दो टैक्सी चालकों के बीच विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। यात्रियों के सामने हुए इस हंगामे के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर दोनों चालकों को अलग किया।
एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच विवाद की यह पहली घटना नहीं है। सितंबर 2024 में भी पार्किंग नंबर-1 के पास चालकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं जनवरी 2024 में टैक्सी चालकों और ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इस घटना में एक चालक के सिर पर चोट आई थी। मामले में तुराब अली और हरविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
ऐप पर 281 रुपये किराया, चालक ने मांगे थे 500 रुपये अतिरिक्त
नवंबर 2026 में रायपुर में टैक्सी किराए को लेकर भी एक मामला सामने आया था। इटली की डीजे ओली एस्से ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए आरोप लगाया था कि रैपिडो ऐप पर यात्रा का किराया 281 रुपये दिखाया गया था, लेकिन चालक ने उनसे 500 रुपये अतिरिक्त मांगे। उन्होंने कंपनी से संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
यात्रियों को परेशान करने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने टैक्सी ऑपरेटरों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने, यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने, बुकिंग को लेकर विवाद करने अथवा मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित परिवहन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। टैक्सी संचालक आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते यात्रियों को परेशान न करें और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
