बिलासपुर जिला अस्पताल में 417 बच्चों की जांच, 16 में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि; तीन की सफल सर्जरी

Spread the love

सर्दी-खांसी, सांस फूलने और वजन नहीं बढ़ने को सामान्य कमजोरी समझ रहे थे परिजन, डीईआईसी सेंटर की जांच में सामने आई गंभीर बीमारी

बिलासपुर। बच्चों में बार-बार सर्दी-खांसी, सांस फूलने और उम्र के अनुसार वजन नहीं बढ़ने जैसी समस्याओं को अक्सर परिजन सामान्य बीमारी या शारीरिक कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार ये लक्षण जन्मजात हृदय रोग के संकेत भी हो सकते हैं। बिलासपुर जिला अस्पताल के डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) में हुई जांच में ऐसे ही 16 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई है।

अप्रैल से नवंबर 2026 के बीच डीईआईसी सेंटर में 29 दिन से लेकर 15 वर्ष तक की उम्र के कुल 417 बच्चों की जांच की गई। इनमें से 16 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) पाया गया, जो कुल जांच का लगभग 4 प्रतिशत है। राहत की बात यह है कि इनमें से तीन बच्चों की रायपुर में सफलतापूर्वक सर्जरी हो चुकी है। शेष बच्चों का उपचार और नियमित निगरानी की जा रही है।

स्टेथोस्कोप से जांच के दौरान हुई बीमारी की पहचान

अधिकांश बच्चों के परिजनों को उनके हृदय रोग की जानकारी नहीं थी। डीईआईसी सेंटर में चिकित्सकों ने स्टेथोस्कोप से हृदय की धड़कन की जांच के दौरान असामान्य आवाज महसूस की। इसके बाद ईसीजी और इकोकार्डियोग्राफी जांच कराई गई, जिसमें बच्चों के दिल में छेद, प्रमुख धमनियों की बनावट में असामान्यता और फेफड़ों की धमनियों में बढ़े हुए रक्तचाप जैसी समस्याएं सामने आईं।

जांच में बच्चों में एएसडी और वीएसडी जैसी समस्याएं मिलीं, जिनमें हृदय के ऊपरी और निचले कक्षों के बीच छेद होता है। इसके अलावा पीडीए में जन्म के बाद बंद होने वाली रक्त नली का खुला रह जाना तथा टीजीए में हृदय से निकलने वाली प्रमुख धमनियों की असामान्य स्थिति भी पाई गई।

कुछ बच्चों में सायनोटिक जन्मजात हृदय रोग, साइटस इनवर्सस के साथ टीजीए, करेक्टेड टीजीए के साथ पीएफओ, पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन और ट्राइसोमी-21 के साथ एएसडी जैसी जटिल बीमारियों की भी पहचान हुई है।

निजी अस्पतालों के सहयोग से तीन बच्चों की निशुल्क सर्जरी

सर्जरी की आवश्यकता वाले बच्चों के उपचार के लिए डीईआईसी की टीम ने सबसे पहले एम्स रायपुर से संपर्क किया। वहां व्यवस्था नहीं बन पाने के बाद रायपुर स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल और श्री वेंकटेश सुपरस्पेशलिटी अस्पताल से समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद तीन बच्चों को निशुल्क एंबुलेंस के माध्यम से रायपुर भेजा गया, जहां उनकी सफल सर्जरी की गई। अब तीनों बच्चे स्वस्थ हैं।

सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर के नेतृत्व में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रमन जोगी और डॉ. मंजू करण बच्चों के उपचार में जुटे हैं। वहीं हॉस्पिटल कंसल्टेंट शेफाली कुमावत, डीईआईसी मैनेजर डॉ. अभिषेक बिबे और उनकी टीम बच्चों को रेफर करने, परिवहन की व्यवस्था करने और सर्जरी के बाद नियमित फॉलोअप की जिम्मेदारी संभाल रही है।

दूध पीते समय पसीना आना भी हो सकता है हृदय रोग का संकेत

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रमन जोगी के अनुसार, कई बच्चों में जन्म के समय हृदय रोग के लक्षण स्पष्ट नहीं दिखाई देते। यदि बच्चे को दूध पीते समय पसीना आता है, वह जल्दी थक जाता है, उसकी सांस तेज चलती है, बार-बार निमोनिया होता है अथवा होंठ और नाखून नीले पड़ने लगते हैं, तो परिजनों को तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इकोकार्डियोग्राफी जांच से जन्मजात हृदय रोग की सटीक पहचान की जा सकती है। समय पर बीमारी का पता चलने, उचित पोषण और आवश्यकतानुसार सर्जरी से बच्चों को गंभीर जटिलताओं से बचाया जा सकता है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में दिखाई देने वाले ऐसे लक्षणों को सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज न करें और समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?