रसायन शास्त्र विभाग की विभागीय परिषद का गठन, विद्यार्थियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Spread the love

डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ के रसायन शास्त्र विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभागीय परिषद का गठन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जाम्बुलकर के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष श्रीमती सोनाली लोया खानखोजे के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक बेदप्रकाश साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात रसायन शास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक ओमप्रकाश वर्मा ने चयनित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इसमें अध्यक्ष पद पर महेश्वरी दुबे, उपाध्यक्ष पद पर प्रिया पटेल, सचिव पद पर अमन सुरजल, सह-सचिव पद पर चंदन कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर आकांक्षा तथा उप-कोषाध्यक्ष पद पर रेणुका साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बेदप्रकाश साहू ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को विभागीय परिषद के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामूहिक सहभागिता एवं संगठनात्मक कौशल का विकास होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष श्रीमती सोनाली लोया खानखोजे ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे विभागीय गतिविधियों एवं शैक्षणिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा विभाग की गतिविधियों को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम का संचालन एमएससी रसायन शास्त्र तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी ज्ञानेंद्र तिवारी ने किया। अंत में रसायन शास्त्र विभाग के प्राध्यापक गौरव तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?