
42 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, विजेता छात्राएं अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता में करेंगी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व
डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जाम्बुलकर के दिशा-निर्देशन में विगत दिनों संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ‘भारत का संविधान एवं मानव अधिकार’ विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें संवैधानिक समझ विकसित करना था। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संयोजक हिन्दी विभाग प्रभारी डॉ. नीता राजपूत एवं सह-संयोजक डॉ. येशुक्रिती हजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के कुल 42 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में एम.ए. राजनीति विज्ञान प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सीमा साहू ने प्रथम स्थान, एम.ए. इतिहास प्रथम सेमेस्टर की छात्रा लिलिमा मरकाम ने द्वितीय स्थान तथा एम.ए. हिन्दी साहित्य प्रथम सेमेस्टर की छात्रा आशु सिन्हा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जाम्बुलकर ने विजेता छात्राओं सहित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं 26 नवंबर 2026 को सेठ आर.सी.एस. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, दुर्ग में आयोजित होने वाली ‘भारत का संविधान एवं मानव अधिकार’ विषय पर अंतरमहाविद्यालयीन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस आयोजन से विद्यार्थियों में भारतीय संविधान एवं मानव अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहन मिला।
