
देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, गायन, पेंटिंग और जनजातीय संस्कृति पर आधारित रैंप वॉक ने मोहा मन
दुर्ग। घनश्याम सिंह आर्य कन्या महाविद्यालय, दुर्ग में 17 नवंबर 2026 को युवा उत्सव के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कला प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन दयानंद शिक्षा समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती आभा रानी गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह गुप्ता, सह सचिव श्री मोतीलाल भंडारी, विधिक सलाहकार डॉ. नागेंद्र शर्मा, प्रबंधक श्रीमती भावना सिंह तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीतू सिंह एवं उपप्राचार्य श्रीमती चांदनी अग्रवाल के विशेष नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
युवा उत्सव के अंतर्गत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, एकल गायन, समूह गायन, पेंटिंग, पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी एवं तात्कालिक भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर आधारित रैंप वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया।
सभी विधाओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास तथा रचनात्मक सोच का उत्कृष्ट परिचय दिया। युवा उत्सव छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने, मंच पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। साथ ही इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं में कला, संस्कृति एवं छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत के प्रति रुचि और जागरूकता को प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाएं, कर्मचारीगण एवं विभिन्न संकायों की छात्राएं उपस्थित रहीं। मंच संचालन श्रीमती भाग्यश्री साहू ने किया तथा अंत में प्राचार्य डॉ. नीतू सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।
